बदमाशों ने नहीं, पति ने ब्यूटी पार्लर वाली के चक्कर में किया पत्नी का कत्ल

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में डेकोरेशन का काम करने वाला एक युवक ने प्रेमिका के लिए अपने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए कई चौकाने वाला खुलासा किया है। एसएसपी ने संयुक्त टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार यूपी के बरेली स्थित पूर्णागिरी दर्शन कर बुधवार आधी रात में ससुराल से बाइक लेकर अपने घर जा रहे डेकोरेशन संचालक ओमसरन ने अपनी पत्नी अमरवती की सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी। आरोपी ने घटना को बदमाशों का हमला और लूट दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने 15 घंटों में ही सच्चाई का खुलासा कर दिया। बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के ब्यौली गांव निवासी ओमसरन मौर्य ने रात सवा बारह बजे अपनी पत्नी के भाई भगवान दास व दोस्त अनिल यादव को सूचना देकर बताया कि आंवला-वजीरगंज रोड पर आ जाओ। वह पत्नी 35 वर्षीय अमरवती को लेकर ससुराल आंवला थाने के गांव मोतीपुरा से अपने घर जा रहे थे। उसैता गांव के पास छह-सात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। वह लूटपाट करने लगे। विरोध किया तो इन लोगों ने अमरवती की हत्या कर दी। अनिल यादव ने तत्काल आंवला पुलिस व यूपी 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो ओमसरन के कपड़े फटे हुए मिले। उसके सीने पर खरोंच व पसलियों पर लालिमा के निशान थे। जबकि पत्नी का शव सड़क पर रक्तरंजित हालत में पड़ा था। एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा के सामने ओमसरन ने यही कहानी दोहराई। पुलिस ने बरसात के बीच घटनास्थल से साक्ष्य जुटाई। फिर शव को जिला मुख्यालय भिजवा दिया। पुलिस ओमसरन को साथ ही आंवला कोतवाली ले आई। वहां उसने अज्ञात बदमाशों पर जेवर व नकदी लूट की वजह से पत्नी की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। बुधवार रात से करीब 15 घंटे लगातार चली जांच, फॉरेंसिक टीम के जुटाए साक्ष्य और घटनास्थल के आसपास 50 मीटर की दूरी से ही जेवर व नकदी की बरामदगी के बाद गुरुवार शाम एसपी अंशिका वर्मा ने पुलिस लाइन में घटना का चौंकाने वाला खुलासा कर दिया। प्रोजेक्टर पर बिंदुवार घटनाक्रम दिखाकर उन्होंने बताया कि बरेली निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका मन्नत से करीबी और संभवत: उसके कहने पर ओमसरन ने पत्नी की खुद हत्या कर दी। हत्या के लिए उसी बांके का इस्तेमाल किया जो वह साले से सुरक्षा के लिए बताकर लाया था। आरोपी ओमसरन ने भी मीडिया के सामने आरोप कबूल कर लिया।
शादियों में डेकोरेशन का काम करने के दौरान ब्यूटी पार्लर संचालिका से हुई पहचान
पुलिस के अनुसार टेंट वालों के साथ शादियों में डेकोरेशन का काम करने के दौरान ओमसरन की नजदीकियां बरेली निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका मन्नत से हो गई थीं। ओमसरन का दावा है कि उसने मन्नत से प्रेमविवाह कर लिया था, पर उसे घर लाने के लिए पुराने ख्यालों की अमरवती को रास्ता से हटाना जरूरी था। उसने दावा किया कि मन्नत ने ही उसे पत्नी की हत्या के लिए उकसाया। उसने कहा था कि दोनों में से एक को चुन लो। एसपी दक्षिणी ने बताया कि घटना की असली वजह प्रेम-त्रिकोण ही निकला। ओमसरन ने बताया कि कम उम्र में ही उसकी शादी अमरवती से हो गई थी। उसके बच्चे भी काफी बड़े हो गए थे। अमरवती पुराने ख्यालों की महिला थी और परिवार व धार्मिक कार्यों में लगी रही थी। वहीं वह अक्सर शादियों में रहने की वजह से कई महिलाओं से उसका संपर्क होता रहता था। ओमसरन की कद काठी भी ठीकठाक थी। इसी से मन्नत उससे प्रभावित हो गई थी। मन्नत शादी के बाद अपने पति से अलग रहती थी। करीब छह महीने से दोनों में प्रेम संबंध था। ओमसरन ने पुलिस को बताया कि उसने घरवालों से छिपकर मन्नत से प्रेमविवाह किया था। हालांकि जब ओमसरन ने उससे साथ रहने को कहा तो मन्नत ने शर्त रखी कि वह पहली पत्नी अमरवती को रास्ते से हटा दे तो यह संभव है। इसी वजह से दोनों ने यह साजिश रची थी। मन्नत भले ही हत्या में साथ नहीं रही, लेकिन उसने ही ओमसरन को उकसाया था।