विश्वकर्मा पूजा में BSP पहुंचे सांसद विजय बघेल, कर्मचारियों की सुरक्षा और संयंत्र के सुरक्षित संचालन की कामना

विश्वकर्मा पूजा में BSP पहुंचे सांसद विजय बघेल, कर्मचारियों की सुरक्षा और संयंत्र के सुरक्षित संचालन की कामना

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के सीआरएम (इलेक्ट्रिकल) विभाग में भगवान विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल शामिल हुए। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर संयंत्र में काम करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों और उनके परिवारों की खुशहाली एवं सुरक्षा की कामना की।

सांसद विजय बघेल ने इस दौरान भिलाई इस्पात संयंत्र में कर्मचारी के रूप में बिताए करीब 20 वर्षों के कार्यकाल की यादें सहकर्मियों के साथ साझा कीं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहता है कि हर साल 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर वे अपने पुराने साथी कर्मचारियों के बीच जरूर पहुंचें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के बावजूद वे दिल्ली से सीधे भिलाई स्टील प्लांट पहुंचे और कर्मचारियों के बीच विश्वकर्मा पूजा में शामिल हुए। सांसद को अपने बीच पाकर कर्मचारियों ने खुशी जताई।

सुरक्षा को बताया पहली प्राथमिकता

सांसद ने कर्मचारियों, अधिकारियों और ठेका श्रमिकों से सुरक्षित तरीके से काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र हजारों परिवारों के पालन-पोषण का आधार है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को कार्यस्थल पर अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना करते हुए कहा कि संयंत्र में काम करने वाला प्रत्येक कर्मचारी और उसका परिवार स्वस्थ एवं सुरक्षित रहे तथा किसी भी तरह की छोटी या बड़ी दुर्घटना न हो।

CRME विभाग की अहम भूमिका

सीआरएम (इलेक्ट्रिकल) विभाग संयंत्र के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विभाग द्वारा संयंत्र के विभिन्न हिस्सों में विद्युत संबंधी कार्य, क्रेन, शॉप फ्लोर और भूमिगत विद्युत केबल की व्यवस्था तथा आवश्यकता के अनुसार इलेक्ट्रिकल मॉडिफिकेशन का काम किया जाता है।

पूजा के दौरान सांसद ने भगवान विश्वकर्मा का चरणामृत, बूंदी, मिठाई, चना मसाला और खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया।

विद्युत संगठन की ओर से मुख्य महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल) टी.के. कृष्ण कुमार तथा सीआरएम (इलेक्ट्रिकल) विभाग के महाप्रबंधक सुशांत कुमार नायक और मानस रंजन रथ ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सांसद का स्वागत किया तथा पुष्पगुच्छ भेंट किया।

कार्यक्रम में बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्जवल दत्ता, महासचिव खूबचंद वर्मा, कार्यकारी महासचिव शिव बहादुर सिंह सहित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन प्रतिनिधि और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल हुए।