नियमित और ठेका श्रमिकों को भी मिले विस्तार का लाभ, ठेका श्रमिकों की छंटनी किसी कीमत पर स्वीकार नहीं-उज्जवल दत्ता

एसआरयू विस्तार को लेकर यूनियन प्रतिनिधिमंडल की ईडी से बैठक, श्रमिक हितों पर भी हुई चर्चा

नियमित और ठेका श्रमिकों को भी मिले विस्तार का लाभ, ठेका श्रमिकों की छंटनी किसी कीमत पर स्वीकार नहीं-उज्जवल दत्ता

भिलाई। सेल रिफैक्टरी यूनियन के पदाधिकारियों ने यूनियन अध्यक्ष उज्जवल दत्ता के नेतृत्व में सेल रिफैक्टरी के कार्यपालक निदेशक पीके रथ से भिलाई निवास में मुलाकात की। इस दौरान सेल रिफैक्टरी यूनिट (एसआरयू) के विस्तार, भविष्य की योजनाओं, ज्वाइंट वेंचर और श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यपालक निदेशक पीके रथ ने यूनियन प्रतिनिधिमंडल को एसआरयू की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भिलाई इकाई बड़े विस्तार की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। विस्तार के बाद सेल में उपयोग होने वाली रिफैक्टरी सामग्री का बड़े स्तर पर निर्माण भिलाई में ही किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्लांट विस्तार में आ रही अधिकांश प्रमुख कठिनाइयों का समाधान हो चुका है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। यूनिट ज्वाइंट वेंचर के माध्यम से नए और बड़े मुकाम की ओर आगे बढ़ेगी।

यूनियन अध्यक्ष उज्जवल दत्ता ने कहा कि एसआरयू का विस्तार भिलाई के औद्योगिक विकास और सेल की उत्पादन क्षमता के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विस्तार का लाभ भिलाई के साथ यहां कार्यरत नियमित और ठेका श्रमिकों को भी मिलना चाहिए। उत्पादन और व्यवसाय में वृद्धि के साथ रोजगार की सुरक्षा, श्रमिक हितों का संरक्षण और कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास की प्रक्रिया में किसी भी कर्मचारी या श्रमिक के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।

दत्ता ने कहा कि किसी भी ठेका श्रमिक की छंटनी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने ठेका श्रमिकों के हितों की रक्षा की दिशा में कार्यपालक निदेशक द्वारा दिए जा रहे सकारात्मक सहयोग के लिए उनका आभार जताया। ज्वाइंट वेंचर को लेकर यूनियन ने मांग रखी कि किसी भी नियमित कर्मचारी के कार्य अथवा स्थान में बदलाव नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही ज्वाइंट वेंचर या यूनिट से संबंधित किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय से पहले यूनियन को विश्वास में लेकर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि कर्मचारियों के हित सुरक्षित रह सकें। बैठक में सेल रिफैक्टरी वर्कर्स यूनियन के महासचिव युवराज डहरिया, उपाध्यक्ष धनंजय गिरि, अमित बर्मन, राकेश सोनी और समाजसेवी सुधीर बंसल सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।