नो पार्किंग में खड़े 96 वाहनों पर ई-चालान, ऑटो डीलरों के 14 दोपहिया वाहन जब्त कार्रवाई के लिए सुपुर्द

नो पार्किंग में खड़े 96 वाहनों पर ई-चालान, ऑटो डीलरों के 14 दोपहिया वाहन जब्त कार्रवाई के लिए सुपुर्द

भिलाई। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने मंगलवार को पावर हाउस से सुपेला क्षेत्र तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले 96 वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। वहीं सड़क पर वाहन खड़े कर बिक्री या प्रदर्शन करने वाले ऑटो डीलरों के 14 दोपहिया वाहनों को कार्रवाई के लिए थाना छावनी में धारा 152 के तहत सुपुर्द किया गया।

नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई

पुलिस ने सड़क किनारे और नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की जांच की। यातायात बाधित करने वाले 96 वाहन चालकों के खिलाफ नो पार्किंग नियम के तहत ई-चालान काटे गए। वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश भी दी गई।

सड़क पर वाहन प्रदर्शन करने वाले डीलरों को चेतावनी

अभियान के दौरान ऑटो डीलरों द्वारा सड़क पर खड़े किए गए 14 दोपहिया वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। इन वाहनों को थाना छावनी में धारा 152 के तहत कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया गया। पुलिस के अनुसार सड़क पर वाहनों को खड़ा कर बिक्री या प्रदर्शन करने से आम लोगों के आवागमन में परेशानी होती है और यातायात बाधित होता है।

मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना पड़ा भारी

यातायात पुलिस ने मालवाहक वाहनों की भी जांच की। इस दौरान मालवाहक वाहनों में सवारी ले जाते पाए गए 8 वाहनों के खिलाफ परमिट शर्तों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना दुर्घटना की दृष्टि से बेहद जोखिमपूर्ण है। वाहनों का संचालन निर्धारित परमिट और यातायात नियमों के अनुसार ही किया जाए।

डीलरों को निजी स्थान पर पार्किंग की हिदायत

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ने ऑटो डीलरों को मौके पर समझाइश देते हुए कहा कि सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर वाहन खड़े न करें। वाहनों को निर्धारित या निजी स्थान पर ही पार्क किया जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन संचालकों से नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने, मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।