हाउसिंग बोर्ड कालीबाड़ी में दुर्गोत्सव की धूम, धुनुची नृत्य और ढोल की थाप पर झूमे श्रद्धालु
















भिलाई। हाउसिंग बोर्ड कालीबाड़ी में शारदीय दुर्गोत्सव के तहत 16 अक्टूबर षष्ठी के दिन मां दुर्गा के मुख से आवरण हटाने के साथ उत्सव की रौनक बढ़ गई। इस दौरान आतिशबाजी की गई और ढोल की थाप पर श्रद्धालु झूम उठे। खास बात यह रही कि पुरुषों के साथ महिलाएं भी ढोल बजाती नजर आईं। मां दुर्गा के मुख से आवरण हटते ही श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
पूजा पंडाल में धुनुची नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। पारंपरिक अंदाज में श्रद्धालुओं ने धुनुची लेकर नृत्य किया और उत्सव में उत्साह का रंग भर दिया। इस अवसर पर अतिथियों ने कालीबाड़ी समिति की स्मारिका (सोवेनियर) का विमोचन भी किया। इस वर्ष हाउसिंग बोर्ड कालीबाड़ी का पूजा पंडाल ट्राइबल थीम पर तैयार किया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। मंदिर समिति के मार्गदर्शक काजल चक्रवर्ती और विद्युत चौधरी ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड कालीबाड़ी में दुर्गा पूजा का यह 55वां वर्ष है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति की ओर से विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति के अध्यक्ष डॉ. दीप चटर्जी, महासचिव देबब्रत दास और कोषाध्यक्ष दीपक सिकदार हैं। दुर्गोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए बंगाल की परंपरा और संस्कृति की झलक देखने को मिल रही है।
