ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5 वारदातों का खुलासा

घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी के बाद खुला राज, लैपटॉप, टूल्लू पंप समेत करीब ₹1.90 लाख का सामान बरामद

ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5 वारदातों का खुलासा

दुर्ग/धमधा। धमधा थाना पुलिस ने ग्राम रौंदा में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर क्षेत्र में हुई चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, लैपटॉप, टूल्लू पंप, चार्जर और माउस सहित करीब 1 लाख 90 हजार रुपए की चोरी की संपत्ति बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल पेचकस-रॉड और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

मामला 9 अगस्त को सामने आया, जब ग्राम रौंदा निवासी शाहजहां बेगम, उम्र 50 वर्ष ने धमधा थाने में घर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि 3 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे वह घर में ताला लगाकर पिपरिया गई थीं और रात वहीं रुकी थीं। 4 अगस्त की रात करीब 8 बजे वापस लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

जांच करने पर पलंग के गद्दे के नीचे रखे ₹5 हजार नकद और अलमारी की चाबी गायब मिली। अलमारी खोलने पर लॉकर टूटा हुआ था। उसमें रखे पुराने इस्तेमाल किए हुए सोने के तीन मनके वाली पत्ती, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹30 हजार और 13 तोला चांदी की एक जोड़ी पायल, जिसकी कीमत करीब ₹10 हजार बताई गई, गायब थी। पुलिस ने रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत धारा 331(4), 305(a) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में खुलीं पांच चोरी की वारदातें

जांच के दौरान पुलिस ने संदेही करण दास मानिकपुरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम रौंदा से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने उक्त चोरी के साथ ही ग्राम रौंदा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने वर्ष 2025 में ग्राम रौंदा स्थित पूर्व माध्यमिक शाला का ताला तोड़कर लैपटॉप, चार्जर और माउस चोरी करना तथा संत राम देवांगन का टूल्लू पंप चोरी करना भी बताया। आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार चोरी की संपत्ति आरोपी के घर में रखी मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स से बरामद हुई।

ताला तोड़कर बनाता था घरों को निशाना

पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले घरों और अन्य स्थानों की निगरानी करता था। जब घर खाली मिलता और मुख्य दरवाजे पर ताला लगा होता, तो वह ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करता था। इसके बाद अलमारी और अन्य स्थानों से नकदी तथा आसानी से ले जाई जा सकने वाली कीमती वस्तुओं को चोरी कर अपने कब्जे में रख लेता था। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।