सड़क पर खड़े वाहनों पर निगम की कार्रवाई, अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज

भिलाई। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई ने अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर रही है।
शहर में कई वाहन चालक सड़क किनारे ही अपने वाहन पार्क कर देते हैं। इसके अलावा ऑटो-रिक्शा चालक सवारी बैठाने और उतारने के लिए सड़क पर वाहन रोक देते हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही दूसरे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।
निगम और पुलिस की टीम ऐसे वाहन चालकों को सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश देने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर चालान काट रही है। यातायात को गंभीर रूप से बाधित करने वाले वाहनों को जब्त कर संबंधित थाने में भी खड़ा कराया जा रहा है।
निगम प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क किनारे या ऐसे स्थानों पर वाहन पार्क न करें, जहां से यातायात बाधित होता हो। ऑटो-रिक्शा चालक भी निर्धारित और सुरक्षित स्थान पर ही सवारी बैठाएं और उतारें। निगम का कहना है कि नियमों का पालन करने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।

