दुर्ग में गांजा तस्करी और अवैध पिस्टल रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, 3.63 किलो गांजा और पिस्टल बरामद
पद्मनाभपुर पुलिस की घेराबंदी में पकड़ाया आरोपी, 3 किलो 630 ग्राम गांजा, पिस्टल, मैगजीन, एक्टिवा और 17,500 रुपये नकद जब्त

दुर्ग। दुर्ग में गांजा तस्करी और अवैध हथियार रखने के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पद्मनाभपुर पुलिस ने उरला बांध पुल के नीचे रेलवे क्रॉसिंग के पास गांजा बिक्री की फिराक में घूम रहे 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3 किलो 630 ग्राम गांजा, एक पिस्टल मय मैगजीन, एक्टिवा वाहन और 17 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 27 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसमें पिस्टल की कीमत शामिल नहीं है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को थाना पद्मनाभपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उरला बांध पुल के नीचे रेलवे क्रॉसिंग के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा, उम्र 26 वर्ष, निवासी कुंदरापारा, पोटियाकला, दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी सफेद बोरी से 3 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल मय मैगजीन, गांजा बिक्री की 17 हजार 500 रुपये नकद रकम और अवैध गतिविधि में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा क्रमांक CG07BY5096 भी जब्त की गई। एक्टिवा की अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 751/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(ख), 27(क) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को 12 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।