दिवाली की रात सूर्य विहार में बम धमाके से दहशत, चार मकानों के शीशे टूटे, जलापूर्ति लाइन भी फोड़ी

असामाजिक तत्वों की दबंगई से रहवासी परेशान, विरोध करने पर महिला को दी धमकी, 70 से अधिक लोगों को घंटों नहीं मिला पानी, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

दिवाली की रात सूर्य विहार में बम धमाके से दहशत, चार मकानों के शीशे टूटे, जलापूर्ति लाइन भी फोड़ी

भिलाई। दीपावली का त्योहार जहां रोशनी, खुशियों और आपसी सौहार्द का प्रतीक है, वहीं सूर्य विहार आवासीय परिसर में कुछ असामाजिक तत्वों की करतूत ने त्योहार की खुशियों को दहशत में बदल दिया। दिवाली की रात तेज धमाके से न केवल आसपास की इमारतें दहल उठीं, बल्कि चार मकानों की खिड़कियों के कांच भी टूट गए। उपद्रवियों ने परिसर की मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन को भी निशाना बनाया, जिससे तीन टावरों में रहने वाले 70 से अधिक लोगों को कई घंटों तक पानी की समस्या से जूझना पड़ा। विरोध करने पर रहवासियों को धमकी दिए जाने का भी आरोप है। घटना से आक्रोशित रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

चार उपद्रवियों ने दो बड़े पटाखों को जोड़कर किया विस्फोट

रहवासियों के मुताबिक, 8 नवंबर रविवार की रात करीब 11 बजे सूर्य विहार के टावर 3 ए और 4 बी के पास चार युवकों ने दो बड़े पटाखा बमों को एक साथ जोड़कर विस्फोट कर दिया। धमाका इतना तेज था कि आसपास की इमारतें तक हिल गईं। विस्फोट के प्रभाव से कम से कम चार मकानों की खिड़कियों के कांच टूटकर बिखर गए। वहीं, एक मकान का एग्जॉस्ट फैन भी क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गया। अचानक हुए इस धमाके से परिसर में रहने वाले लोग घबरा गए। घटना के बाद एक महिला ने बाहर निकलकर उपद्रवियों का विरोध किया और उन्हें इस तरह की हरकत नहीं करने की चेतावनी दी। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले।

अगले दिन फिर पहुंचे, विरोध करने पर दी अंजाम भुगतने की धमकी

रहवासियों का आरोप है कि घटना के अगले दिन 9 नवंबर सोमवार की शाम करीब 6:30 बजे वही उपद्रवी नशे की हालत में दोबारा परिसर में पहुंचे। पार्किंग क्षेत्र में मौजूद घटना का विरोध करने वाली महिला और एक अन्य निवासी ने जब उनसे पिछली रात की घटना को लेकर सवाल किया, तो वे उलझने लगे। आरोप है कि उपद्रवियों ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय रहवासियों को अंजाम भुगतने की धमकी दी। उन्होंने इससे भी बड़ा नुकसान पहुंचाने की बात कही और फिर मौके से फरार हो गए। लगातार दो दिनों तक हुई इन घटनाओं के बाद से परिसर के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।

पाइपलाइन में विस्फोट से खाली हुआ ओवरहेड टैंक, 70 से अधिक लोग प्रभावित

सूर्य विहार परिसर में उपद्रव की एक और गंभीर घटना सामने आई। आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने टावर 9 ए, 9 बी और 9 सी की मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन पर पटाखा रखकर विस्फोट कर दिया। धमाके से पाइपलाइन फट गई और ओवरहेड टैंक में भरा पानी बह गया। इसके चलते तीनों टावरों की जलापूर्ति बाधित हो गई। 70 से अधिक रहवासियों को कई घंटों तक पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा। लोगों का कहना है कि त्योहार के दौरान इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत से न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा, बल्कि बड़ी संख्या में परिवारों की रोजमर्रा की जरूरतें भी प्रभावित हुईं।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

लगातार हुई घटनाओं से नाराज सूर्य विहार के रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। लोगों ने यह भी मांग की है कि आवासीय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।