नाबालिग को धमकाकर कराई घर में चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख के सोने के जेवर बरामद

नाबालिग को धमकाकर कराई घर में चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख के सोने के जेवर बरामद

भिलाई। स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने चोरी के दो मामलों का चंद घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों में चोरी किए गए सोने के जेवरात समेत करीब 8 लाख रुपये की मशरूका बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसिन खान ने 9 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि करीब 2 से 3 महीने पहले उसके 17 वर्षीय नाबालिग भांजे को अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने धमकाकर घर से सोने के जेवरात लाने के लिए मजबूर किया। इसके बाद नाबालिग के माध्यम से दो सोने की अंगूठी, सोने का हार, एक जोड़ी कान की बाली और सोने का मंगलसूत्र चोरी कराया गया।

शिकायत पर स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 1158/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी और विवेचनात्मक जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पतासाजी की और तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर नाबालिग के माध्यम से चोरी कराए गए सोने के जेवरात बरामद किए गए। जांच में चौकी स्मृतिनगर के एक अन्य चोरी के मामले का भी खुलासा हुआ और उसमें चोरी गई संपत्ति भी बरामद कर ली गई।

पुलिस ने दोनों मामलों में कुल करीब 8 लाख रुपये की चोरी की मशरूका जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। 

आरोपी का नाम

1. अनुराग कुर्रे, उम्र 18 वर्ष, निवासी संजय नगर कुम्हारपारा, राहुल किराना स्टोर्स के पास, सुपेला, जिला दुर्ग।

2. करन सोनी, उम्र 25 वर्ष, निवासी दीपक किराना स्टोर्स के पास, भीमनगर वार्ड क्रमांक 10, सुपेला, जिला दुर्ग।

3. रोहित गुप्ता, उम्र 23 वर्ष, निवासी संजय पारा, भगत सिंह चौक, वार्ड क्रमांक 15, सुपेला, जिला दुर्ग।