शिवनाथ नदी किनारे नशीली टैबलेट का सौदा, 180 नाइट्राजेपम के साथ 22 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

शिवनाथ नदी किनारे नशीली टैबलेट का सौदा, 180 नाइट्राजेपम के साथ 22 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में अवैध सूखा नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलगांव पुलिस ने शिवनाथ नदी किनारे नशीली टैबलेट बेचते एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नाइट्राजेपम की 180 टैबलेट, बिक्री की रकम, मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, पुलगांव स्थित गुरुद्वारा के सामने शिवनाथ नदी किनारे एक युवक द्वारा मोटरसाइकिल से नशीली टैबलेट बेचने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों और स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान 22 वर्षीय मयंक साहू, निवासी बजरंग चौक पुलगांव के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से नाइट्राजेपम की 18 रैपर में कुल 180 टैबलेट बरामद हुईं। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 510 रुपए नगद, रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-LX-4336 भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 39 हजार 950 रुपए बताई गई है।

बाइक से पहुंचकर बेचता था नशीली टैबलेट

पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल से नशीली टैबलेट लेकर सार्वजनिक स्थानों के आसपास पहुंचता था और संभावित ग्राहकों को टैबलेट बेचने की गतिविधि करता था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 706/2026 दर्ज करते हुए NDPS एक्ट की धारा 20(क) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जब्त सामग्री

  • नाइट्राजेपम की 180 टैबलेट, कीमत ₹14,440
  • बिक्री रकम ₹510 नगद
  • रेडमी मोबाइल, कीमत ₹7,000
  • मोटरसाइकिल, कीमत ₹18,000