जुआ-सट्टा नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस का बड़ा प्रहार, 120 मामलों में 477 आरोपी गिरफ्तार,

₹39.29 लाख नकद, 522 मोबाइल, 32 लैपटॉप और 70 वाहन जब्त, ₹1.65 करोड़ से अधिक की संपत्ति बरामद, संगठित अपराध की धाराओं में भी कार्रवाई

जुआ-सट्टा नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस का बड़ा प्रहार, 120 मामलों में 477 आरोपी गिरफ्तार,

दुर्ग। पुलिस ने वर्ष 2026 में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 120 मामलों में 477 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये की नकदी के साथ करोड़ों रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है।

दुर्ग पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 की शुरुआत से जिलेभर में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 120 प्रकरण दर्ज कर कुल 477 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 39 लाख 29 हजार 212 रुपये नकद, 522 मोबाइल फोन, 32 लैपटॉप, 70 मोटरसाइकिल और कार सहित करीब 1 करोड़ 65 लाख 54 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।

पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल मौके पर पकड़े गए आरोपियों तक सीमित नहीं रही। डिजिटल साक्ष्यों, बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

वर्ष 2026 में दर्ज जुआ और सट्टा के 21 मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संगठित अपराध संबंधी धाराएं भी जोड़ी गई हैं, ताकि मुख्य संचालकों, आर्थिक लाभार्थियों और पूरे सिंडिकेट के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

आंकड़ों के अनुसार, जुआ के 30 मामलों में 221, सट्टा के 65 मामलों में 155 और ऑनलाइन सट्टा के 25 मामलों में 101 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।