बीच-बचाव करने आए युवक पर धारदार हथियार से हमला, फरार आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग के वैशालीनगर थाना क्षेत्र में बीच-बचाव करने आए युवक पर धारदार हथियार से हमला करने वाले फरार आरोपी किशन निषाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

भिलाई। दुर्ग जिले के वैशालीनगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने मोहल्ले में हुए विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे वार्ड क्रमांक-08 निवासी आकाश मेश्राम ने मोहल्ले में विवाद की आवाज सुनकर बाहर आकर बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि उस समय किशन निषाद उसकी पत्नी से विवाद और गाली-गलौज कर रहा था। समझाइश देने पर आरोपी भड़क गया और जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से आकाश के पेट और बाएं हाथ पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आकाश को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। वैशालीनगर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी किशन निषाद (42 वर्ष), निवासी सुपेला को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।
