प्रॉपर्टी डीलर लखन सिंह पर FIR दर्ज, बंदूक दिखाकर जमीन हड़पने का आरोप

प्रॉपर्टी डीलर लखन सिंह पर FIR दर्ज, बंदूक दिखाकर जमीन हड़पने का आरोप

दुर्ग। दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर लखन सिंह के खिलाफ जमीन से जुड़े विवाद में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता प्रविन्दर सिंह चाने, निवासी मालवीय नगर, दुर्ग ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उन्हें डराकर और बंदूक दिखाकर जमीन के दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर करवाए।

शिकायत के अनुसार, लखन सिंह ने अपने कार्यालय में बुलाकर लाइसेंसी बंदूक की नोक पर सरकारी गाइडलाइन मूल्य पर रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया और बाजार मूल्य का भुगतान बाद में करने की बात कही। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि उन्हें दस्तावेज पढ़ने का अवसर नहीं दिया गया और जबरन हस्ताक्षर करवा लिए गए। साथ ही रजिस्ट्री की प्रति भी उपलब्ध नहीं कराई गई।

एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने व्हाट्सएप संदेशों और फोन कॉल के माध्यम से शिकायतकर्ता को झूठे मामलों में फंसाने और कानूनी कार्रवाई की धमकी दी।

शिकायत में लखन सिंह पर अवैध प्लॉटिंग और जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े के भी आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि आरोपी खसरा नंबरों में हेरफेर कर जमीनों की खरीद-बिक्री करता रहा है और लोगों को डराकर सौदे करने का दबाव बनाता है।

मोहन नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर क्रमांक 0533 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 351(2) के तहत जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

नोट: यह समाचार पुलिस में दर्ज एफआईआर और शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और पुलिस जांच के बाद ही होगी। आरोपी का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।