सुपेला में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने चापड़ और धारदार हथियार किए जब्त
स्लॉटर हाउस के पास लोगों को डरा-धमका रहे थे आरोपी, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर भेजा गया जेल

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बड़ा धारदार हथियार और एक चापड़ बरामद कर जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुपेला स्थित स्लॉटर हाउस के पास दो युवक हाथों में धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों और कचरा फेंकने वालों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान एस. जोसवा राज (22 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर, सुपेला तथा बी. डेविड (30 वर्ष), निवासी तेलगु पारा, सेक्टर-6, भिलाई के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से एक बड़ा धारदार हथियार और एक चापड़ बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
