खारून नदी में पिकनिक बना मातम, तेज बहाव में बहे युवक का शव 16 घंटे बाद SDRF ने निकाला
ग्राम जमराव में दोस्तों के साथ नहाने के दौरान हुआ हादसा, डीप डाइविंग कर SDRF टीम ने किया शव बरामद


दुर्ग। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने गए दोस्तों के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया। रविवार शाम नदी में नहाने के दौरान 22 वर्षीय युवक तेज बहाव में बह गया। लगभग 16 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने युवक का शव बरामद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे 12 दोस्तों का समूह ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान रायपुर के देवपुरी कमल विहार निवासी टोमेश ध्रुव (22) नदी में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया।
सूचना मिलते ही जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात अधिक होने और अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह 5 बजे टीम ने दोबारा खोज शुरू की।
सुबह करीब 9:05 बजे एसडीआरएफ के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव के बीच डीप डाइविंग कर युवक का शव बरामद किया। इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए अमलेश्वर पुलिस को सौंप दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में प्रभारी ईश्वर खरे सहित चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, हबीब खान, राजू महानंद, आशीष, गोपी, थानेश्वर, चंद्रप्रकाश और भानुप्रताप शामिल रहे।
