दुर्ग बना छत्तीसगढ़ का पहला पूर्ण डिजिटल FIR जिला, अब प्रार्थी और विवेचक दोनों करेंगे E-Sign

भिलाई नगर थाने में हुआ पहला प्रार्थी E-Sign, दुर्ग पुलिस ने लागू की 100% डिजिटल एफआईआर प्रणाली

दुर्ग बना छत्तीसगढ़ का पहला पूर्ण डिजिटल FIR जिला, अब प्रार्थी और विवेचक दोनों करेंगे E-Sign

दुर्ग। तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दुर्ग जिला अब छत्तीसगढ़ का पहला ऐसा जिला बन गया है, जहां प्रथम सूचना पत्र (FIR) की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है। जिले के सभी विवेचक पहले से ही ई-साइन (E-Sign) के जरिए एफआईआर प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं और अब प्रार्थी का ई-साइन भी सफलतापूर्वक शुरू कर दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए E-Pen के माध्यम से थाना भिलाई नगर में प्रार्थी का पहला डिजिटल हस्ताक्षर सफलतापूर्वक कराया गया। इसके साथ ही दुर्ग जिला प्रदेश का पहला जिला बन गया है, जहां विवेचक और प्रार्थी दोनों के डिजिटल हस्ताक्षर के साथ पूर्णतः डिजिटल एफआईआर प्रणाली लागू हो गई है।

दुर्ग पुलिस के अनुसार, इस नई व्यवस्था से एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित, त्वरित और नागरिक-अनुकूल बनेगी। साथ ही कागजरहित (पेपरलेस) कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा और डिजिटल अभिलेखों का बेहतर संधारण संभव होगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और नागरिकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी। दुर्ग पुलिस ने इसे स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार नवाचार और डिजिटल प्रणालियों के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।