पहली बारिश में डूबा भिलाई, निगम के दावों पर फिर उठे सवाल

मानसून की पहली तेज बारिश में सेक्टर-2 समेत शहर के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। जल निकासी व्यवस्था फेल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पहली बारिश में डूबा भिलाई, निगम के दावों पर फिर उठे सवाल

भिलाई। मानसून की पहली ही बारिश ने नगर निगम भिलाई की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी। शहर में जगह-जगह जलभराव होने से निगम के प्री-मानसून इंतजाम सवालों के घेरे में आ गए हैं। सेक्टर-2, कोसनाला सहित शहर के कई हिस्सों में सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जबकि शहर के अन्य इलाकों में भी घुटनों तक पानी भर गया।


बारिश के बाद मुख्य सड़कें, कॉलोनियां और चौराहे पानी में डूब गए। जल निकासी की रफ्तार धीमी होने से लोगों को घंटों तक जलभराव की समस्या झेलनी पड़ी। वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई हुई, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश शुरू होते ही यही हालात बन जाते हैं। नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर हर वर्ष दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में वे दावे धराशायी होते दिखाई देते हैं।
मानसून की अभी केवल शुरुआत हुई है। ऐसे में यदि समय रहते जल निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में शहरवासियों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। अब लोगों की नजर नगर निगम की अगली कार्रवाई पर टिकी है।