श्रीराम जन्मोत्सव समिति का पुनर्गठन, भिलाई-तीन, छावनी और चरोदा बने अलग-अलग प्रखंड
रूकमणि पैलेस में हुई बैठक में नई कार्यकारिणी की घोषणा, संगठन विस्तार और कार्यों में गति लाने के लिए किया गया प्रखंडों का पुनर्विभाजन


भिलाई। श्रीराम जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में भिलाई-तीन प्रखंड की आवश्यक बैठक रूकमणि पैलेस में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से भिलाई-तीन, छावनी और चरोदा क्षेत्र का पुनर्गठन करते हुए नई प्रखंड कार्यकारिणी की घोषणा की गई। बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष रमेश माने एवं प्रांतीय महामंत्री बुद्धन ठाकुर की अनुशंसा पर जिला अध्यक्ष मदन सेन ने भिलाई-तीन प्रखंड की नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इस दौरान संगठन के विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई तथा उन्हें श्रीराम जन्मोत्सव समिति की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूर्व में एक साथ संचालित भिलाई-तीन एवं चरोदा प्रखंड का पुनर्विभाजन किया गया। नई व्यवस्था के तहत भिलाई-तीन नगर निगम के वार्ड क्रमांक 1, 2 और 3 को छावनी प्रखंड में शामिल किया गया है। वहीं वार्ड क्रमांक 4 से 22 तक के क्षेत्र को भिलाई-तीन प्रखंड का स्वरूप दिया गया है। इसके अलावा चरोदा को भी स्वतंत्र प्रखंड के रूप में गठित किया गया है।

बैठक में कहा गया कि प्रखंडों के पुनर्गठन से संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का संचालन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
नई कार्यकारिणी में गुलशन डिड्ने को अध्यक्ष, कृष्ण कुमार वर्मा, रूपेश्वर सिंह, कमलेश पाण्डेय और राजेन्द्र सोनी को उपाध्यक्ष, अमर साहू को कोषाध्यक्ष, रिक वर्मा और रोशन बोधरा को महामंत्री, अंकित यादव, संजू यदुवंकर और संजय चतुर्वेदी को मंत्री, रूपेन्द्र यादव को मीडिया प्रभारी तथा प्रेमलाल शर्मा को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से कई सदस्यों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि श्रीराम जन्मोत्सव समिति सामाजिक समरसता, धार्मिक जागरूकता और सेवा कार्यों को लेकर लगातार सक्रिय रहेगी तथा नए प्रखंडों के गठन से संगठन की गतिविधियों का विस्तार और अधिक प्रभावी ढंग से किया जाएगा।
