ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। आईपीएल और अन्य क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालन करने वाले नेटवर्क के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा से जुड़े मामलों की जांच के दौरान यह कार्रवाई की।

पहले मामले में अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत दर्ज प्रकरण की विवेचना के दौरान तुषार यादव उर्फ सुजल (22 वर्ष), निवासी रिसाईपारा वार्ड क्रमांक 15, धमतरी की ऑनलाइन सट्टा संचालन में संलिप्तता सामने आई। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे 18 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इसी मामले में पहले ही शंकर मंगलानी और मनमोहन पटेल उर्फ छोटू पटेल को गिरफ्तार किया जा चुका है।

वहीं दूसरे मामले में अपराध क्रमांक 98/2026 की जांच के दौरान पहले गिरफ्तार आरोपी आयुष वाधवानी से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अमित नेभानी (46 वर्ष), निवासी तेलीबांधा, रविग्राम, रायपुर की भूमिका सामने आई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे भी न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और एक्सचेंज वेबसाइटों के जरिए आईपीएल तथा अन्य क्रिकेट मैचों में हार-जीत पर दांव लगवाकर अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार संचालित कर रहे थे।