दुर्घटना पीड़ितों को जल्द मिलेगी मदद, दुर्ग में ब्लैक स्पॉट पर तैनात होंगी एंबुलेंस
यातायात पुलिस, डायल-112 और 108 एंबुलेंस सेवा की संयुक्त बैठक, गोल्डन आवर में इलाज सुनिश्चित करने की तैयारी

दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने अहम पहल की है। मंगलवार को नेहरू नगर स्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय में यातायात पुलिस, डायल-112 और 108 एंबुलेंस सेवा के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्घटना के बाद के गोल्डन आवर का अधिकतम उपयोग करते हुए घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में तय किया गया कि जिले के राष्ट्रीय राजमार्गों और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर जरूरत के अनुसार एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि हादसे की सूचना मिलते ही राहत और उपचार शुरू किया जा सके।
इन प्रमुख स्थानों पर रहेगी प्राथमिकता:
एमएलटी क्रेन, खुर्सीपार
बिजली ऑफिस, भिलाई-3
बड़े तरिया, कुम्हारी
जेके लक्ष्मी सीमेंट क्षेत्र
पंथी चौक
बैठक में डायल-112 के संभाग प्रभारी आसिम खान और 108 एंबुलेंस सेवा के दुर्ग प्रभारी निर्मल वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने सड़क सुरक्षा और जनहित को प्राथमिकता देते हुए इन स्थानों पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने पर सहमति जताई।
यातायात पुलिस का कहना है कि उद्देश्य दुर्घटना में घायल लोगों को गोल्डन आवर के भीतर त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना है। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय कर व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
