छत्तीसगढ़ में CM हेल्पलाइन 1076 लॉन्च, अब 24 घंटे दर्ज होंगी शिकायतें

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य की बहुप्रतीक्षित सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन के आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में मंत्रिपरिषद के सदस्य और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की समस्या को सुनना, उसका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना और शासन-प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना है। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों, सुझावों और जनप्रतिसाद के आधार पर एक स्थायी एवं प्रभावी जनसंपर्क तंत्र की आवश्यकता महसूस की गई, जिसके परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाइन की शुरुआत की गई है।

अब प्रदेश के नागरिक टोल फ्री नंबर 1076 पर कॉल कर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, सुझाव दे सकेंगे और शासन की योजनाओं व सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी साझा कर सकेंगे। डिजिटल सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है, जिससे मोबाइल के जरिए भी सरकार तक अपनी बात पहुंचाई जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस व्यवस्था के अंतर्गत राज्य शासन के 42 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी जुड़े हुए हैं। हेल्पलाइन में 1195 श्रेणियों के अंतर्गत शिकायतों के निर्धारित समय-सीमा में निराकरण की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगी। इसके संचालन के लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी डैशबोर्ड के माध्यम से इसकी निगरानी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय भी इसकी सतत मॉनिटरिंग करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनभागीदारी को मजबूत करने का भी माध्यम बनेगी। नागरिक राज्य के विकास और योजनाओं के संबंध में अपने सुझाव भी साझा कर सकेंगे, जिससे नीति निर्माण और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।
