बच्चों की कहासुनी से भड़का खूनी संघर्ष, घर में घुसकर हमला; 7 घायल

दुर्ग के सिद्धार्थनगर में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडे, रॉड और चाकू से हमला, इलाके में पुलिस बल तैनात

बच्चों की कहासुनी से भड़का खूनी संघर्ष, घर में घुसकर हमला; 7 घायल

दुर्ग। शहर के सिद्धार्थनगर इलाके में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। छोटे बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के 15 से 20 लोग दूसरे पक्ष के घर में घुस गए और लाठी, डंडे, लोहे की रॉड तथा चाकू से हमला कर दिया। घटना में कुल सात लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार सिद्धार्थनगर निवासी कुंडे और परिहार परिवार के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले दोनों परिवारों के बीच हुए झगड़े का मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है। इसी वजह से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। शुक्रवार को बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद विवाद अचानक बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद एक पक्ष के लोग हथियारों से लैस होकर परिहार परिवार के घर पहुंच गए। घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई।

हमले में सात लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक-दो लोगों को चाकू लगने की भी जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि परिहार परिवार की बुजुर्ग महिला के इलाज के सिलसिले में बालाघाट से आए कुछ रिश्तेदार भी उस समय घर में मौजूद थे। बीच-बचाव के दौरान वे भी हमले की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद सिद्धार्थनगर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।