अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई, नाला सफाई और पेयजल व्यवस्था का आयुक्त ने लिया जायजा

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने सोमवार को जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्र का निरीक्षण कर नाला सफाई, पेयजल व्यवस्था, पाइपलाइन कार्यों और अवैध होर्डिंग्स की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले सभी प्रमुख नालों की सफाई पूर्ण करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त इंदु आईटी के समीप स्थित बड़े नाले पहुंचे, जहां निजी एजेंसियों द्वारा निगम की अनुमति के बिना लगाए गए अवैध होर्डिंग पाए गए। इस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही अवैध होर्डिंग हटवा दिए। साथ ही इंदु आईटी परिसर के भीतर गुजरने वाले छोटे नाले का निरीक्षण कर उसकी जल्द सफाई कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद आयुक्त ने कोहका स्थित मंगल बाजार क्षेत्र की पानी टंकी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए पानी टंकियों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए। कोहका रोड में बिछाई गई नई पाइपलाइन का भी उन्होंने निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता की जानकारी ली। वार्ड क्रमांक 14 शांति नगर महादेव कॉलोनी की सड़क क्रमांक 17 एवं 18 में बिछाई गई पाइपलाइन का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों से चर्चा की और घरों तक पेयजल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी घरों में पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंच रहा है।

वार्ड क्रमांक 15 में नाला सफाई कार्यों के निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर नालों के आसपास निर्माण कार्य पाए गए। आयुक्त ने अधिकारियों को ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के दौरान जलभराव से बचने के लिए नालों को अतिक्रमण मुक्त रखना जरूरी है। आयुक्त ने अधिकारियों को मानसून पूर्व नालों की सफाई, पेयजल आपूर्ति की सतत निगरानी तथा अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त येशा लहरे, कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, उप अभियंता अशोक देवांगन, सहायक राजस्व अधिकारी प्रसन्न तिवारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर सहानी, स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
