नेवई पुलिस की कार्रवाई: घर की बाड़ी में छिपाकर रखा था गांजा, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग। ऑपरेशन विश्वास के तहत नेवई पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गांजा बेचने के लिए घर की बाड़ी में गांजे के सूखे पौधे छिपाकर रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.17 किलोग्राम वजनी चार गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि महावीर मेहता अपने घर की बाड़ी में गांजे के सूखे पौधे छिपाकर रखे हुए हैं और उन्हें बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से तना और जड़ सहित गांजे के चार सूखे पौधे बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 3.17 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महावीर मेहता (65 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोहन मेहता, निवासी एचएससीएल कॉलोनी, शिवपारा स्टेशन मरौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 341/26 के तहत धारा 20(ए) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है।
