अटल आवासों में दुर्ग पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार

पुरानी भिलाई और कुम्हारी क्षेत्र में 60 पुलिसकर्मियों ने चलाया संयुक्त अभियान, संदिग्धों पर की कार्रवाई

अटल आवासों में दुर्ग पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस ने पुरानी भिलाई और कुम्हारी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने धारदार हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को थाना पुरानी भिलाई और कुम्हारी पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के अटल आवास परिसरों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के तहत पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के उम्दा अटल आवास और कुम्हारी थाना क्षेत्र के 320 अटल आवास में सघन जांच की गई। 

चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिलों, संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की जांच की गई। इसी दौरान पुलिस ने शेक शहीद उम्र 39 वर्ष निवासी प्रगति नगर चरोदा भिलाई-3 को धारदार हथियार के साथ पकड़ा। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके अलावा दो अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इस संयुक्त अभियान में थाना पुरानी भिलाई, जामुल, वैशाली नगर, कुम्हारी, एएनटीएफ, डीएसबी और एसीसीयू की टीम समेत करीब 60 अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक धारदार हथियार और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।