नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी

नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी

भिलाई। भिलाई नगर थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक व्यक्ति के बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे करीब साढ़े सात लाख रुपये वसूल लिए थे। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी राजेन्द्र कुमार बंछोर, निवासी तालपुरी ने थाना भिलाई नगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके परिचित अमनदीप सोढी ने उसके पुत्र को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।

आरोपी ने वर्ष 2022 से 2024 के बीच नियुक्ति दिलाने के नाम पर अलग-अलग समय में कुल 7 लाख 50 हजार रुपये नगद लिए और छह माह के भीतर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही आरोपी ने रकम वापस की। खुद को ठगा महसूस करने पर प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में थाना भिलाई नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 267/2026 के तहत धारा 420 भारतीय न्याय संहिता में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी अमनदीप सोढी के खिलाफ धोखाधड़ी के पर्याप्त साक्ष्य मिले, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमनदीप सोढी, उम्र 36 वर्ष, निवासी बी-1, छत्तीसगढ़ कॉलेज धनोरा के पास, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में लेनदेन से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन बड़ी रकम न दें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।