फर्जी निवेश योजना चलाकर 13.60 लाख की ठगी, दुर्ग पुलिस ने आरोपी को दबोचा

दुर्ग। फर्जी निवेश योजना और फॉरेक्स ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों और बैंक खातों की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक गंजपारा दुर्ग निवासी दीपक जैन (27 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में कुछ लोगों ने उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग और निवेश कंपनी में पैसा लगाने पर हर महीने अच्छा लाभ मिलने का लालच दिया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया था कि निवेश की गई राशि पूरी तरह सुरक्षित रहेगी और लगातार मुनाफा मिलता रहेगा।

प्रार्थी ने आरोपियों के बताए विभिन्न बैंक खातों में आरटीजीएस और ऑनलाइन माध्यम से अलग-अलग तिथियों में कुल 13 लाख 60 हजार रुपये जमा किए। कुछ समय तक भरोसा दिलाने के बाद कंपनी बंद हो गई। इसके बाद न तो निवेश की रकम वापस मिली और न ही किसी तरह का लाभांश दिया गया। शिकायत की जांच के बाद थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत धारा 420 और 34 भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र कुमार ताम्रकार (50 वर्ष) निवासी तामेश्वरा वार्ड क्रमांक-30 दुर्ग, हाल मुकाम जवाहर नगर वार्ड क्रमांक-18 दुर्ग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी निवेश योजना चलाने और लोगों से रकम जमा कराने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, बैंक दस्तावेज और लेन-देन से जुड़े कागजात जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई, उनकी भी विस्तृत जांच की जा रही है।
आरोपी का नाम :
1. राजेन्द्र कुमार ताम्रकार, उम्र 50 वर्ष, निवासी तामेश्वरा वार्ड क्रमांक 30 दुर्ग, हाल मुकाम जवाहर नगर वार्ड क्रमांक 18 दुर्ग।
