वकीलों के अवैध चैंबर पर चला बुलडोजर, विरोध में लाठीचार्ज... चैंबर में बंद होकर वकील ने दी जान देने की धमकी


राजधानी लखनऊ में रविवार को हाईकोर्ट के आदेश पर बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला। स्वास्थ्य भवन और कचहरी परिसर के आसपास बने वकीलों के अवैध चैंबरों पर बुलडोजर चला दिया गया। सुबह से नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें कार्रवाई में जुटीं रहीं।

बुलडोजर चलते ही मौके पर भारी संख्या में वकील इकट्ठा हो गए और जमकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। वकीलों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई रोकने की मांग की। इस दौरान पुलिस और वकीलों के बीच तीखी बहस भी हुई।

हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे वकीलों पर लाठीचार्ज कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं एक वकील ने खुद को अपने चैंबर में बंद कर लिया और आरोप लगाया कि बिना नोटिस दिए कार्रवाई की जा रही है। विरोध के बीच उसने फांसी लगाने की कोशिश भी की, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे किसी तरह बचाया।
जानकारी के मुताबिक हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य भवन और कचहरी क्षेत्र में बने करीब 240 अवैध चैंबर हटाने के आदेश दिए थे। नगर निगम ने पहले नोटिस जारी कर वकीलों को खुद निर्माण हटाने का समय दिया था, लेकिन समयसीमा पूरी होने के बाद भी चैंबर नहीं हटाए गए। इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी।
संभावित विरोध को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
