26 नवंबर को संभाग स्तरीय रोजगार मेला, 195 पदों पर होगी भर्ती

10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई और इंजीनियरिंग पास युवाओं को मिलेगा मौका, चार निजी कंपनियां करेंगी चयन

26 नवंबर को संभाग स्तरीय रोजगार मेला, 195 पदों पर होगी भर्ती

दुर्ग। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 26 नवंबर को दुर्ग में संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, मालवीय नगर दुर्ग में आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र के चार नियोजकों द्वारा कुल 195 तकनीकी और गैर तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार, विभिन्न कंपनियों से 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग सहित अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए रिक्तियां प्राप्त हुई हैं। इच्छुक उम्मीदवार इन पदों की विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग की वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार एप पर प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थी उपलब्ध पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों का रोजगार पंजीयन अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार मेला के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के बाद 26 नवंबर 2026 को जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, मालवीय नगर चौक दुर्ग में अपने सभी शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।

वहीं, निजी क्षेत्र के ऐसे नियोजक जो रोजगार मेले के माध्यम से अपने संस्थानों में रिक्त पदों पर भर्ती करना चाहते हैं, उन्हें छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल पर रोजगार मेले के लिए पंजीयन कराना होगा। इसके लिए नियोजकों को जीएसटी क्रमांक और आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। रिक्त पदों की जानकारी भी इसी पोर्टल के माध्यम से जिला रोजगार कार्यालय को भेजनी होगी।रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग में संपर्क कर सकते हैं।