सुपेला ओवरब्रिज पर सुबह 6 बजे से मरम्मत कार्य, रायपुर से दुर्ग जाने वाले मार्ग पर रहेगा वन-वे

भारी वाहनों को मजार के पास सर्विस रोड से किया जाएगा डायवर्ट, हल्के वाहनों की आवाजाही रहेगी जारी

सुपेला ओवरब्रिज पर सुबह 6 बजे से मरम्मत कार्य, रायपुर से दुर्ग जाने वाले मार्ग पर रहेगा वन-वे

भिलाई। नेशनल हाईवे पर सुपेला ओवरब्रिज से आवागमन करने वाले वाहन चालकों को बुधवार को यातायात में आंशिक बदलाव का सामना करना पड़ेगा। सुपेला ओवरब्रिज पर सस्पेंशन की मरम्मत का कार्य शुरू होने के कारण यातायात पुलिस दुर्ग ने अस्थायी यातायात व्यवस्था लागू की है। इसके तहत रायपुर से दुर्ग की ओर जाने वाला सुपेला ओवरब्रिज मार्ग वन-वे रहेगा। मरम्मत कार्य बुधवार सुबह 6 बजे से शुरू किया जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार, मरम्मत कार्य के दौरान छोटे चारपहिया वाहनों सहित अन्य हल्के वाहनों का आवागमन निर्धारित ओवरब्रिज मार्ग से जारी रहेगा। वहीं, भारी वाहनों के लिए अलग से डायवर्जन व्यवस्था बनाई गई है। भारी वाहन चालकों को मजार के पास से सर्विस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह मार्ग आगे प्रदर्शनी परिसर के पास नेशनल हाईवे से जुड़ता है। भारी वाहनों को इसी निर्धारित मार्ग का उपयोग करना होगा।

ओवरब्रिज पर मरम्मत कार्य के चलते यातायात का दबाव बढ़ने और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें। विशेष रूप से भारी वाहन चालक किसी अन्य मार्ग से जाने के बजाय निर्धारित सर्विस रोड का ही इस्तेमाल करें।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को कार्यस्थल के आसपास अनावश्यक रूप से रुकने, जल्दबाजी करने और ओवरटेक करने से बचने की सलाह दी है। साथ ही मरम्मत कार्य के दौरान मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है।