मोबाइल टावरों से कॉपर केबल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, नाबालिग सहित 5 गिरफ्तार

मोबाइल टावरों से कॉपर केबल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, नाबालिग सहित 5 गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के उतई थाना और मचांदुर चौकी पुलिस ने मोबाइल टावरों से कॉपर केबल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर केबल, केबल काटने का उपकरण और घटना में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम मचांदुर, घुघसीडीह और पतोरा क्षेत्र में लगे मोबाइल टावरों से कॉपर केबल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना उतई और चौकी मचांदुर में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने 13 और 14 मई की रात ग्रामीण क्षेत्रों में सुनसान जगहों पर लगे मोबाइल टावरों की रेकी कर कॉपर केबल चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए केबल को बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे और उसे खाने-पीने व अन्य खर्चों में इस्तेमाल करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी गुप्ता, मिलन कुमार निर्मलकर, किशन यादव और अरुण खुटेल शामिल हैं। सभी आरोपी नेवई और स्टेशन मरौदा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी मामले में पकड़ा गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

आरोपी का विवरण :

1. सन्नी गुप्ता, उम्र 19 वर्ष, निवासी पानी टंकी के पास, नेवई बस्ती वार्ड 33, थाना नेवई जिला दुर्ग।

2. मिलन कुमार निर्मलकर, उम्र 19 वर्ष, निवासी सूर्य नगर, स्टेशन मरौदा वार्ड 21, थाना नेवई जिला दुर्ग।

3. किशन यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी सूर्य नगर, स्टेशन मरौदा वार्ड 21, थाना नेवई जिला दुर्ग।

4. अरूण खुटेल, उम्र 19 वर्ष, निवासी विजय चौक, स्टेशन मरौदा, थाना नेवई जिला दुर्ग।

5. एक विधि से संघर्षरत बालक।