पुलिस का बड़ा खुलासा: भिलाई में ज्वेलर्स संचालक सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, 13 लाख के जेवर और वाहन जब्त
1600 CCTV फुटेज से खुला चोरी गिरोह का राज

भिलाई। दुर्ग पुलिस और एसीसीयू टीम ने सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह दुर्ग और बालोद जिले में बंद मकानों की रेकी कर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 13 लाख 12 हजार 800 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और चोरी में इस्तेमाल वाहन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए गश्त, मॉर्निंग पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और 1600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसी दौरान आरोपी नौशाद की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। एसीसीयू और थाना वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि नौशाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले का रहने वाला है और खुर्सीपार के गौतम नगर स्थित ससुराल में रहकर मालवाहक वाहन चालक का काम करता था। आरोपी दिन में सूने मकानों की रेकी करता और रात में अपने साथियों के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी से मिले पैसों से आरोपी ने हीरो डेस्टिनी वाहन खरीदा था। आरोपियों ने पूछताछ में गुरूनानक नगर, वैशाली नगर, हाउसिंग बोर्ड जामुल, चरोदा, राधिका नगर, पुदमनगर और बालोद जिले के करहीभदर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक चोरी के सोने-चांदी के जेवर महिलाओं के माध्यम से पावर हाउस स्थित शुभलाभ ज्वेलर्स में गिरवी रखे जाते थे। मामले में ज्वेलरी दुकान संचालक दुर्गेश गोस्वामी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और ज्वेलरी दुकान से लगभग 60 ग्राम सोने के जेवर, 8.50 ग्राम चांदी, कैमरा, इंडक्शन चूल्हा, 7,800 रुपये नगद और चोरी में प्रयुक्त हीरो डेस्टिनी वाहन क्रमांक CG 07 DD 9877 जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 13.12 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद निवासी जौनपुर उत्तर प्रदेश, नगीना और मदीना निवासी गौतम नगर खुर्सीपार तथा शुभलाभ ज्वेलर्स के संचालक दुर्गेश गोस्वामी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की गई है।
▪️ आरोपी का नाम :
1. नौशाद, निवासी ग्राम बारा, थाना सुजानगंज, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश)
2. नगीना, निवासी गौतम नगर खुर्सीपार, भिलाई
3. मदीना, निवासी गौतम नगर खुर्सीपार, भिलाई
4. दुर्गेश गोस्वामी, शुभलाभ ज्वेलर्स, पावर हाउस भिलाई
▪️ जप्त सामग्री :
1. लगभग 60 ग्राम सोने के जेवर
2. लगभग 8.50 ग्राम चांदी के जेवर
3. कैमरा
4. इंडक्शन चूल्हा
5. नगदी रकम 7,800 रुपये
6. हीरो डेस्टिनी वाहन क्रमांक CG 07 DD 9877
7. कुल मशरूका कीमती लगभग 13,12,800 रुपये
