भिलाई में DSP के बेटे ने लगाई फांसी, घर में अकेला था युवक
बीई फर्स्ट ईयर का छात्र, परिजन बाहर थे… पुलिस जांच में जुटी

भिलाई। DSP के बेटे ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 20 वर्षीय आयुष झारिया के रूप में हुई है, जो रूंगटा कॉलेज में बीई फर्स्ट ईयर का छात्र था। घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। पिता ड्यूटी पर थे, जबकि मां और बहन जबलपुर शादी समारोह में गए हुए थे।

मृतक युवक के पिता का नाम संतोष झारिया है। वे DSP पद पर पदस्थ हैं और भिलाई की प्रथम वाहिनी बटालियन में उनकी पोस्टिंग बताई गई है। गुरुवार रात जब पिता ड्यूटी से लौटे, तो उन्होंने बेटे को आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा, जहां उनका बेटा फंदे से लटका हुआ था।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

