सूने मकान में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार… मंगलसूत्र तोड़कर सोना छिपाने का तरीका आया सामने

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर की गई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक 12 अप्रैल को शहीद वीर नारायण सिंह नगर निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रात के समय घर के पीछे के दरवाजे से घुसकर सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर संदेही ज्ञान दास गर्ग को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी करना कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद उसने मंगलसूत्र को तोड़कर उसमें से सोने की पत्तियां अलग कर लीं और बाकी हिस्सा नाले में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोने की पत्तियां बरामद कर ली हैं, जिनकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
आरोपी का नाम :
1. ज्ञान दास गर्ग, उम्र 31 वर्ष, निवासी शहीद वीर नारायण सिंह नगर, भिलाई, थाना छावनी, दुर्ग
2. होरी लाल सोनवानी (फरार)
