पीलिया के 37 मरीज चिन्हित, 3 अब भी अस्पताल में भर्ती

भिलाई। भिलाई के सेक्टर-7 वार्ड-67 क्षेत्र में पीलिया के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क नजर आ रहा है। लगातार सर्वे और निगरानी के बीच राहत की खबर यह है कि ताजा सर्वे में कोई नया मरीज सामने नहीं आया है।

15 अप्रैल को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में 110 घरों का दौरा किया। इस दौरान किसी भी नए व्यक्ति में पीलिया के लक्षण नहीं पाए गए। अब तक इस क्षेत्र में कुल 37 मरीजों की पहचान की जा चुकी है।
इनमें से 3 मरीज फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका इलाज शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस भिलाई में चल रहा है, जबकि एक मरीज इलाज के बाद डिस्चार्ज हो चुका है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और नगर निगम की मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए संदिग्ध मरीजों की जांच भी की जा रही है। इसमें खून और अन्य जरूरी टेस्ट शामिल हैं।
पानी सप्लाई पर फोकस:
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि क्षेत्र में पानी की सप्लाई नगर निगम द्वारा की जा रही है और पाइपलाइन को बदला जा रहा है, ताकि संक्रमण के खतरे को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
अधिकारी मौके पर:
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला सर्वेलेंस अधिकारी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
पीलिया के लक्षण:
डॉक्टरों के अनुसार पीलिया दूषित पानी और भोजन से फैलने वाला संक्रामक रोग है। इसके लक्षणों में भूख न लगना, पीली पेशाब, उल्टी, कमजोरी, पेट दर्द और आंखों व त्वचा का पीला होना शामिल है।
