अग्निशमन दिवस पर निकाली जागरूकता रैली

अग्निशमन दिवस पर निकाली जागरूकता रैली

दुर्ग। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग द्वारा 14 अप्रैल 2026 को अग्निशमन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर भव्य रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अग्निशमन कार्यालय दुर्ग से निकली रैली शहर के प्रमुख स्थानों जेल तिराहा, इंदिरा मार्केट, नेहरू नगर मार्केट और सेक्टर एरिया से होकर गुजरी। इस दौरान आम लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। रैली में घरेलू आगजनी की छोटी घटनाओं से निपटने के लिए घरों में अग्निशामक यंत्र रखने और उसके उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों में फायर सिस्टम और अग्निशामक उपकरण अनिवार्य रूप से लगाने का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम के तहत 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक जिलेभर में फायर डेमो आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, अपार्टमेंट, बाजार, घनी आबादी वाले क्षेत्र और फैक्ट्रियों में जाकर लोगों को आग से बचाव और आपातकालीन स्थिति में सही कार्रवाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान अग्निशमन सहायक प्रभारी एफ. प्रवीण बारा, सहायक स्टेशन प्रभारी संतोष पांडेय, नगर सेना प्रभारी श्यामलाल देशमुख व कन्हैया साहू, एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव व ईश्वर खरे सहित अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौजूद रही।