नव वर्ष पर भिलाई नगर कालीबाड़ी में भक्ति और संगीत का संगम: सुबह से विशेष पूजा, रात को म्यूजिकल नाइट से सजेगी महफिल

नव वर्ष पर भिलाई नगर कालीबाड़ी में भक्ति और संगीत का संगम: सुबह से विशेष पूजा, रात को म्यूजिकल नाइट से सजेगी महफिल

भिलाई। बंगाली नव वर्ष के पावन अवसर पर सेक्टर-6 स्थित भिलाई नगर कालीबाड़ी में इस बार आस्था, परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कालीबाड़ी प्रबंधन द्वारा सुबह 7 बजे से विशेष पूजा-अर्चना की भव्य व्यवस्था की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

पूरे दिन चलने वाली पूजा-अर्चना के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए शाम को भोग प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है, जिससे भक्तजन धार्मिक वातावरण में नववर्ष का स्वागत गीत संगीत से कर सकें। नव वर्ष के इस खास मौके पर कालीबाड़ी परिसर को दुल्हन की तरह आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

वहीं, शाम होते ही माहौल पूरी तरह से संगीतमय रंग में रंग जाएगा। 15 अप्रैल की रात 8 बजे से आयोजित म्यूजिकल नाइट में मशहूर गायक सूजन और तुषिता अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। भक्ति और आधुनिक गीतों का यह संगम खासतौर पर युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा, जो परंपरा के साथ-साथ मनोरंजन का भी आनंद उठा सकेंगे।

भिलाई नगर कालीबाड़ी प्रबंधन की ओर से की गई इस विशेष व्यवस्था को लेकर क्षेत्र के बंगाली समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का यह आयोजन नव वर्ष को यादगार बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।