वृंदावन में नाव हादसा: ओवरलोडिंग बनी मौत की वजह, 10 श्रद्धालुओं की डूबकर मौत

वृंदावन में नाव हादसा: ओवरलोडिंग बनी मौत की वजह, 10 श्रद्धालुओं की डूबकर मौत

उत्तर प्रदेश के वृंदावन में यमुना नदी पर बड़ा हादसा सामने आया है। करीब 30 पर्यटकों से भरी एक प्राइवेट नाव अचानक पलट गई, जिसमें 10 लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में 7 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे।

हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्री बांके बिहारी मंदिर से करीब ढाई किलोमीटर दूर है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के मुताबिक, नाव की क्षमता सिर्फ 15 लोगों की थी, लेकिन उसमें 25 से ज्यादा लोगों को बैठा लिया गया था। यही ओवरलोडिंग हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि न तो नाविक और न ही किसी यात्री ने लाइफ जैकेट पहनी थी। हादसे के बाद नाविक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। सेना की टीम मौके पर पहुंच चुकी है, जबकि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम गाजियाबाद से वृंदावन पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चला रही है।