दुर्ग पुलिस का फरार वारंटियों पर शिकंजा, एक सप्ताह में 201 गिरफ्तार
स्थायी और गिरफ्तारी वारंटों की तामीली के लिए जिलेभर में चला विशेष अभियान, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में किया गया पेश





दुर्ग। न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की धरपकड़ के लिए दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। 20 से 26 अक्टूबर 2026 तक जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने 201 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध जारी स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामीली की। सभी गिरफ्तार वारंटियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार करना और न्यायालयीन आदेशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करना था। इसके लिए जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी और समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस को यह सफलता मिली।
थाना दुर्ग सबसे आगे, सुपेला दूसरे स्थान पर
वारंटों की तामीली के मामले में थाना दुर्ग ने सबसे अधिक 28 वारंटियों को गिरफ्तार किया। थाना सुपेला से 22 और थाना नेवई से 20 वारंटियों की गिरफ्तारी हुई। वहीं, वैशाली नगर से 16, पद्मनाभपुर से 15 और छावनी थाना क्षेत्र से 14 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह भिलाई नगर से 11, उतई से 9, जामुल और नंदिनी नगर से 8-8, खुर्सीपार से 7 तथा भिलाई भट्ठी और महिला थाना से 6-6 वारंटों की तामीली की गई। अन्य थाना एवं चौकी क्षेत्रों में 32 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।