आंधी-तूफान का कहर, 96 लोगों की मौत, कई जिलों में तबाही

उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और खराब मौसम की वजह से अलग-अलग जिलों में अब तक 96 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

सबसे ज्यादा असर वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर मंडल में देखने को मिला। कई जिलों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकान और टीन शेड उड़ गए, वहीं किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

मरने वालों में भदोही में 18, प्रयागराज में 17, मिर्जापुर में 15 और फतेहपुर में 10 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा उन्नाव और बदायूं में 6-6, प्रतापगढ़ और बरेली में 4-4 लोगों ने जान गंवाई। सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई और संभल में दो-दो, जबकि कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुर खीरी में एक-एक मौत दर्ज की गई है।
धूल भरी आंधी और तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर यातायात भी प्रभावित रहा। जगह-जगह पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है, जबकि मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
