सिगरेट को लेकर विवाद, कैरम सेंटर में युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

सिगरेट को लेकर विवाद, कैरम सेंटर में युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुई बहस जानलेवा हमले में बदल गई।

घटना 7 अप्रैल की है, जब प्रार्थी मोहम्मद वसी अयाज अहमद सिद्दीकी के कैरम सेंटर, बड़ी मस्जिद के पास बैठा था। इसी दौरान एक युवक ने उससे सिगरेट मांगी, मना करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपी अपने साथियों को बुलाकर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट की, गला दबाने की कोशिश की और धारदार वस्तु से हमला कर उसकी हत्या करने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान तीन आरोपियों मोह. रफिक, वसीम कुरैशी उर्फ कालू और रज्जा अहमद उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार वस्तु और अन्य सामग्री भी जप्त की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।