दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, 6 बच्चे शामिल

दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, 6 बच्चे शामिल

महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे डिंडोरी कस्बे के शिवाजी नगर इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के 9 लोगों की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, सभी लोग एक पारिवारिक समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने एक गहरे कुएं में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य के लिए दो क्रेन और स्थानीय तैराकों की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद आधी रात के आसपास कार को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी लोगों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, सभी मृतक इंदोरे गांव निवासी दरगुड़े परिवार के सदस्य थे। मृतकों में सुनील दत्तू दरगुड़े, उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुड़े और परिवार के छह मासूम बच्चे शामिल हैं। बच्चों में पांच लड़कियां और एक लड़का है, जिनकी उम्र 7 से 14 साल के बीच बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, कार का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।