सेक्टर-9 अस्पताल में सुविधाओं पर बड़ी बैठक, CT Scan और Dialysis मशीन पर सहमति

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के सेक्टर-9 स्थित जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर BSP वर्कर्स यूनियन और अस्पताल प्रबंधन के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल करना रहा।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. विनीता द्विवेदी, डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर एवं डॉ. उदय कुमार मौजूद रहे। वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता, कार्यकारी महासचिव शिव बहादुर सिंह, अतिरिक्त महासचिव टी. दिलेश्वर राव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में यूनियन ने अस्पताल की CT Scan मशीन के पुराने होने और नई मशीन आने में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। इस पर प्रबंधन ने बताया कि नई मशीन की खरीद प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही इसे स्थापित किया जाएगा। तब तक वैकल्पिक व्यवस्था पर भी सहमति बनी।

डायलिसिस मशीनों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। यूनियन ने बताया कि वर्तमान मशीनों में बार-बार तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे मरीजों को परेशानी हो रही है। प्रबंधन ने जानकारी दी कि 7 नई डायलिसिस मशीनें जल्द अस्पताल में लगाई जाएंगी। मोतियाबिंद ऑपरेशन को लेकर एक अहम निर्णय लिया गया। अब बाहर से ऑपरेशन करवाने वाले मरीजों को भी सेक्टर-9 अस्पताल से नियमानुसार 30 से 40 दिनों का अनफिट सर्टिफिकेट मिलेगा। इससे कर्मचारियों को अवकाश और आर्थिक नुकसान से राहत मिलेगी।

रेफरल सिस्टम को लेकर यूनियन ने असमानता का मुद्दा उठाया। यूनियन अध्यक्ष ने बताया कि अन्य SAIL इकाइयों की तुलना में भिलाई में वर्कर्स को कम रेफरल मिल रहा है। इस पर प्रबंधन ने समीक्षा का आश्वासन दिया। इसके अलावा यूनियन ने ओपीडी में भीड़, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवा वितरण, पैथोलॉजी में टेस्ट किट की कमी, एम्बुलेंस सेवा और आउटसोर्स स्टाफ के व्यवहार जैसे मुद्दों को भी उठाया। प्रबंधन ने इन सभी बिंदुओं पर चरणबद्ध सुधार का भरोसा दिया। दिव्यांग कर्मचारियों के लिए अस्पताल में अलग शौचालय और ओपीडी व फार्मेसी में प्राथमिकता व्यवस्था लागू करने पर भी सहमति बनी। बैठक में दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक संवाद हुआ और उम्मीद जताई गई कि आने वाले समय में सेक्टर-9 अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में ठोस सुधार देखने को मिलेगा।