UP से आकर दुर्ग में ATM चोरी की साजिश, अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा

UP से आकर दुर्ग में ATM चोरी की साजिश, अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा

भिलाई। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में एटीएम मशीन उखाड़कर चोरी करने की कोशिश करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला 13 नवंबर 2025 की रात का है, जब ग्राम ननकट्ठी बस स्टैंड के पास स्थित हिताची कंपनी के एटीएम को अज्ञात आरोपियों ने तोड़फोड़ कर उखाड़ने का प्रयास किया था। घटना की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं, जो सुनसान और हाईवे किनारे स्थित एटीएम को निशाना बनाते थे। वारदात से पहले ये लोग रायपुर और आसपास के इलाकों में रेकी करते थे।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने ग्राम गनियारी से मेटाडोर वाहन चोरी कर उसे वारदात में इस्तेमाल किया। रस्सी और अन्य उपकरणों की मदद से एटीएम को वाहन से बांधकर खींचकर उखाड़ने की कोशिश की गई, लेकिन आसपास लोगों के जागने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।तकनीकी साक्ष्य और अंतरराज्यीय समन्वय के आधार पर पुलिस ने मध्यप्रदेश के कटनी जिले में गिरफ्तार दो आरोपियों आरीफ उर्फ बाठू और अहसान उर्फ एहसास को प्रोडक्शन वारंट पर दुर्ग लाकर गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।  पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह वारदात के दौरान मोबाइल फोन बंद रखता था और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए संपर्क करता था। सीसीटीवी से बचने के लिए कैमरों पर पेंट या ग्रीस लगाया जाता था। गिरोह हर बार नई गाड़ी का इस्तेमाल करता था, जिसकी नंबर प्लेट बदल दी जाती थी। ये लोग होटल या ढाबों में नहीं रुकते थे और टोल नाकों से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मेटाडोर वाहन और एटीएम तोड़फोड़ में इस्तेमाल किए गए उपकरण जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

आरोपी का नाम :

1. आरीफ उर्फ बाठू, उम्र 35 वर्ष, निवासी रसूलपुर, जिला मेरठ (उ.प्र.)

2. अहसान उर्फ एहसास, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम नकलाराई, जिला शामली (उ.प्र.)

जप्त सामग्री : 1. मेटाडोर वाहन क्रमांक CG 07 AV 1310 2. रस्सा एवं एटीएम तोड़फोड़ में प्रयुक्त अन्य उपकरण

▪️ आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड : 1. थाना माधवनगर, जिला कटनी (म.प्र.) में अपराध क्रमांक 1016/2025 2. थाना बावना, जिला मेरठ (उ.प्र.) में अपराध क्रमांक 40/2018 3. जीआरपी थाना मेरठ (उ.प्र.) में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध 4. थाना दोघाट (उ.प्र.) में अपराध क्रमांक 09/2016।