भिलाई में कांग्रेस की बड़ी बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी, जनहित मुद्दों को लेकर संघर्ष का ऐलान

भिलाई में कांग्रेस की बड़ी बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी, जनहित मुद्दों को लेकर संघर्ष का ऐलान

भिलाई। भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 4 (टाउनशिप क्षेत्र) के नवनियुक्त पदाधिकारियों की अहम बैठक सेक्टर-5 में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद सौरभ दत्ता ने की।

बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष सौरभ दत्ता ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि जल्द ही सभी वार्डों में बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही वार्ड अध्यक्षों और बूथ अध्यक्षों के साथ कार्यसमिति गठन की प्रक्रिया को भी तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जिम्मेदारियों का स्पष्ट वितरण जरूरी है, इसलिए पदाधिकारियों के बीच कार्य विभाजन भी शीघ्र किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे कांग्रेस संगठन के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन के सामने मजबूती से उठाएंगे और उनके समाधान के लिए संघर्ष करेंगे। बैठक के दौरान भिलाई इस्पात संयंत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर 22 मार्च को प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर भी रणनीति बनाई गई। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे बड़ी संख्या में इस पदयात्रा में शामिल हों। यह पदयात्रा भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के आवाहन, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के निर्देश और महापौर नीरज पाल सहित पार्षदों की उपस्थिति में सिविक सेंटर से निकाली जाएगी।

बैठक में पार्षद साकेत चंद्राकर, एकांश बंछोर, सेवन ठाकुर, आदित्य सिंह सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पंकज पाल, तोषु, शिखा सिंह राय, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष अफरोज खान, जिला खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुमित सिंह और सतनाम सिंह ने अपने विचार रखे। इसके अलावा सेक्टर-6 मंडल अध्यक्ष राहुल शर्मा, सेक्टर-5 मंडल अध्यक्ष छोटू रजक, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अभय कुमार भद्रा, सी.एच. श्रीनिवास राव, पंडिती जोसुआ, दाउलाल चंद्राकर, बी.एम. सिंह, धनुष साहू और अजय यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर स्पष्ट रणनीति के संकेत दिए गए।