भिलाई में निगम की जमीन पर बन रहा था अवैध क्रिकेट कोर्ट, नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाया

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई ने निगम स्वामित्व की जमीन पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जमीन को मुक्त कराया है। यह कार्रवाई निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के प्रातः भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देश के बाद की गई।

बताया गया कि सुबह निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने देखा कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा निगम की जमीन पर अवैध रूप से क्रिकेट कोर्ट बनाया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जोन-3 आयुक्त, राजस्व विभाग और बेदखली टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निर्देश मिलते ही निगम की टीम मौके पर पहुंची और अवैध अतिक्रमण को हटाकर निगम की जमीन को खाली कराया। इस कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता अनिल सिंह, सहायक अभियंता नितेश मेश्राम, उप अभियंता दीपक देवांगन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे सहित निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि निगम की जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।