गरीब परिवारों का घर का सपना पूरा, लॉटरी में 7 हितग्राहियों को मिला आवास

गरीब परिवारों का घर का सपना पूरा, लॉटरी में 7 हितग्राहियों को मिला आवास

भिलाईनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर पालिक निगम भिलाई में आवास आवंटन के लिए लॉटरी का आयोजन किया गया। यह लॉटरी निगम सभागार में खुली प्रक्रिया के माध्यम से संपन्न हुई, जिसमें कुल 7 हितग्राहियों को आवास आवंटित किए गए। इस लॉटरी में “मोर मकान–मोर आस” और “मोर मकान–मोर चिन्हारी” योजना के तहत निर्मित आवासों को शामिल किया गया था। पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए हितग्राहियों का चयन किया गया।

लॉटरी प्रक्रिया के दौरान निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय, सभापति गिरवर बंटी साहू, पार्षद महेश वर्मा, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, नोडल अधिकारी एवं अधीक्षण अभियंता अजीत तिग्गा, जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। लॉटरी में जिन लाभार्थियों को आवास मिला उनमें अरुण तिवारी, घमोतिन बाई, ओमेंद्र कोल्हाकर, वंदना शिवरामवार, पैयरी बाई, सीता बाई और मोहम्मद खालिक शामिल हैं।

इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवास उपलब्ध कराना है। लॉटरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई गई। आवास मिलने पर लाभार्थियों ने खुशी जताते हुए शासन और निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया। निगम प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक आवास योजना का लाभ पहुंच सके। लॉटरी के दौरान आवास प्रभारी विद्याधर देवांगन, सीएलटीसी किरण चतुर्वेदी, नम्रता ठाकुर, जी. जागेश्वर साहू, मेहत्तर सोनी, भूषण निर्मलकर, मोहन राव, थलेश्वर जोशी और सावित्री सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।