अवैध शराब समेत बुजुर्ग दंपत्ति गिरफ्तार





भिलाई। होली पर्व के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुपेला थाना पुलिस ने कृष्णा नगर के डमरू मोहल्ला में अवैध शराब बिक्री करते एक दंपत्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से 30 पौवा देशी और विदेशी शराब तथा नकद राशि बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्णा नगर क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। वहां दीनानाथ चौहान (72 वर्ष) और उनकी पत्नी मुखिया देवी (65 वर्ष) को शराब बेचते हुए पकड़ा गया।

तलाशी में 10 पौवा देशी मसाला, 10 पौवा देशी प्लेन, 5 पौवा अंग्रेजी गोवा और 5 पौवा अंग्रेजी जानू शराब जब्त की गई। इसके अलावा 250 रुपये बिक्री रकम भी बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 3 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में अपराध क्रमांक 328/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण कायम किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।