फूलीडूमर घाट से 35 बोरी सीमेंट चोरी, चार आरोपी गिरफ्तार; दो ट्रैक्टर जब्त

फूलीडूमर घाट से 35 बोरी सीमेंट चोरी, चार आरोपी गिरफ्तार; दो ट्रैक्टर जब्त

बलरामपुर रामानुजगंज जिला के बसंतपुर थाना क्षेत्र में निर्माण स्थल से सीमेंट और सरिया चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी जितेंद्र कुमार सोनी, निवासी अंबिकापुर, फूलीडूमर घाट में साइड सोल्डर और वॉल निर्माण का काम करा रहे थे। घाट पर बने अस्थायी मकान में 35 बोरी सीमेंट और एक बंडल सरिया रखा हुआ था। स्टॉक कम होने पर मजदूरों पर शक हुआ और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 305, 331(4) और 317(2) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान दो मजदूरों ने कम कीमत पर सामान बेचने की बात कबूल की और दो अन्य आरोपियों के नाम बताए।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किए गए महिंद्रा कंपनी के दो ट्रैक्टर भी जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में बालसाय, हरिचरण, सुनील कुमार और इंद्रजीत सिंह शामिल हैं। चारों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।